रुड़की। भाजपा उत्तराखंड प्रदेश कार्यकारिणी में स्वामी यतीश्वरानंद (पूर्व कैबिनेट मंत्री) एवं राकेश गिरी (प्रदेश अध्यक्ष, ओबीसी मोर्चा) को प्रदेश उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर आज रुड़की में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम दिनांक 15 सितंबर 2025 को अपराह्न 3 बजे होटल प्रिफर्ड, देहरादून रोड पर आयोजित हुआ, जिसमें नगर विधायक प्रदीप बत्रा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह मुख्य रूप में मौजूद रहे। उन्होंने दोनों नेताओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का संयोजन अवनीश शर्मा (मंडल अध्यक्ष, सुभाष गंज) व अनुज सैनी (जिला अध्यक्ष, भाजपा ओबीसी मोर्चा रुड़की) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि पार्टी ने जो भरोसा जताया है, उसे पूर्ण निष्ठा और परिश्रम से निभाया जाएगा। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। वहीं, राकेश गिरी ने कहा कि ओबीसी वर्ग भाजपा की रीढ़ है और आने वाले समय में उनकी भागीदारी को और बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।
नगर विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि यह दायित्व न केवल दोनों नेताओं के लिए सम्मान की बात है, बल्कि पूरे हरिद्वार जिले के लिए भी गौरव का विषय है। भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह ने कहा कि इनके नेतृत्व में संगठन नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम में भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे और दोनों नेताओं को बधाई देते हुए उनका जोरदार स्वागत किया। पूरे समारोह में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।