पीएम मोदी की मां को गाली देने का विरोध:रुड़की में भाजपा ने कॉंग्रेस,राजद के खिलाफ सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया

रुड़की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को अपशब्द कहे जाने के विरोध में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने रुड़की में जोरदार सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी कर विरोध जताया और कहा कि देश के प्रधानमंत्री की माताजी का अपमान करना पूरे राष्ट्र का अपमान है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

धरना प्रदर्शन में नगर विधायक प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि विपक्ष लगातार मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहा है। लेकिन मां के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर विपक्ष ने भारतीय संस्कृति और सभ्यता का भी अपमान किया है।

विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के नेता नहीं बल्कि देश के प्रधानमंत्री हैं और उनकी मां को गाली देना देश की हर मां का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति बेहद शर्मनाक है और भारतीय जनता पार्टी इसका हर स्तर पर विरोध करेगी।

जिलाध्यक्ष मधु सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इसे लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेंगे। उन्होंने मांग की कि इस तरह की अभद्र टिप्पणियां करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की मर्यादा तोड़ने की हिम्मत न कर सके।

धरना प्रदर्शन में सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि प्रधानमंत्री की मां को गाली देना असहनीय है और इसके विरोध में भाजपा लगातार आवाज बुलंद करती रहेगी।