
रुड़की। भारतीय अंडर-18 लड़कियों की टीम ने चीन में आयोजित अंडर-18 एशिया रग्बी सेवेंथ टूर्नामेंट में रजत पदक जीता है। टीम की खिलाड़ी सलोनी मंगलवार को रुड़की पहुंची तो उसका जोरदार स्वागत किया गया। साथ ही भारतीय टीम की इस कामयाबी के लिए रोड शो भी निकाला गया। आज नगर विधायक प्रदीप बत्रा ने सलोनी के घर पहुँच उनके माता पिता और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।इस अवसर पर विधायक बत्रा ने कहा कि आज हमारे देश और क्षेत्र की बेटियाँ हर क्षेत्र में आगे निकल रहीं हैं विश्व स्तर पर मेडल ला रहीं है,सलोनी ने सिर्फ़ रुड़की या उत्तराखण्ड का ही नहीं पूरे देश का नाम रोशन किया है।आपको बता दें पिछले दिनों चीन में अंडर-18 एशिया रग्बी सेवेंथ टूर्नामेंट खेला गया। इसमें लड़कियों की भारतीय टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया है। भारतीय टीम में रुड़की की सलोनी भी थीं। प्रतियोगिता से पूर्व ओडिशा में हुए ट्रायल में सलोनी का चयन भारतीय टीम में हुआ था। सलोनी बेहद गरीब परिवार से हैं। उनका परिवार सोलानी पार्क के समीप गंगनहर किनारे बनी झुग्गी में रहता है। उनके पिता कर्म सिंह वहीं पर चाय की छोटी सी दुकान चलाते हैं।