
देहरादून।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार दोपहर बाद पार्टी मुख्यालय पर शुरू हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री,राष्ट्रीय महामंत्री, सह प्रभारी रेखा वर्मा समेत अन्य दिग्गज मौजूद रहे।आज प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के लिए राजधानी में भाजपा के दिग्गज नेता जुटे हैं। हाथीबड़कला स्थित सर्वे ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, महा जनसंपर्क अभियान के राष्ट्रीय संयोजक तरुण चुघ, सह प्रभारी रेखा वर्मा व सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी व सहप्रभारी, मोर्चों के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश प्रवक्ता, मीडिया व सह मीडिया प्रभारी समेत कई अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और वह आज जो भी हैं, कार्यकर्ताओं के बूते ही कार्य कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के दम पर ही पार्टी ने पहली बार हरिद्वार में निकायों में परचम लहराया। अब लोकसभा की पांचों सीटों पर भाजपा जीत दोहराएगी। मुख्यमंत्री प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे।इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 30 मई से 30 जून तक चलने वाले महा जनसंपर्क अभियान के तहत सभी कार्यक्रम सांसद केंद्रित होंगे। ऐसा लोकसभा चुनाव के मद्देनजर किया गया है। पार्टी ने लोकसभा चुनाव, बागेश्वर विस उपचुनाव, स्थानीय निकायों के चुनाव में 51 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य रखा है।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद बीजेपी नेता तरुण चुग ने प्रेस ब्रीफिंग की, जिसमें उन्होंने बताया कि भाजपा आपातकाल पर डॉक्यूमेंट्री बना रही है। 25 जून को देशभर में बीजेपी इस डॉक्यूमेंट्री को दिखाएगी। इस स्पेशल डॉक्यूमेंट्री का काम राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम को सौंपा गया है।