
रुड़की।भाजपा रुड़की पश्चिम मंडल कार्यसमिति की बैठक बुधवार को रुड़की गणेश चौक स्थित एक होटल में आयोजित की गई। इसमें नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया और कार्यकर्ताओं को 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की जीत के मंत्र दिए गए।
इस मौके पर विधायक प्रदीप बत्रा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने इतनी लोक कल्याणकारी योजनाएं चला रखी हैं। इसके बाद विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है।
केंद्र सरकार ने जनहित में जितने भी महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, आने वाले समय में देश को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों की बदौलत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएगी। जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति ने दावा किया कि जिस दौर में कोरोना का प्रकोप चरम पर था, तब कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के नेता जनता के बीच नहीं गए।
उस समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने सेवा भाव से लाखों लोगों की मदद की। मंडल अध्यक्ष संजीव तोमर ने राज्य सरकार के विभिन्न फैसले और योजनाओं से लोगों को होने वाले फायदे की जानकारी दी। इस दौरान विधायक प्रदीप बत्रा,मंडल अध्यक्ष संजीव तोमर,महामंत्री प्रवीण सिंधू,भाजपा ज़िला युवा मोर्चा अध्यक्ष गौरव कौशिक,मयंक गुप्ता,मंडी समिति अध्यक्ष ब्रजेश त्यागी,कुलदीप तोमर,सुशील चौधरी,भरत कपूर व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।