BREAKING NEWS:रंग लाई विधायक प्रदीप बत्रा की मुहिम,2.28 करोड़ से होगा नेहरू स्टेडियम का कायाकल्प, शासन ने दी मंजूरी।विधायक बत्रा ने कहा-किसी भी प्रतिभा को संसाधन के अभाव में पिछड़ने नहीं दिया जाएगा

रुड़की। नेहरू स्टेडियम का कायाकल्प होने जा रहा है। बड़े स्टेडियम की तर्ज पर यहां सभी सुविधाएं मिलेगी। 2.28 करोड़ रुपये के बजट से नेहरू स्टेडियम में विकास कार्य होंगे। शासन ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। इसी माह इस पर काम शुरू होने की उम्मीद है।आपको बता दें नगर विधायक लगातार इस मुद्दे को लेकर प्रयासरत रहे हैं चाहें मुख्यमंत्री से घोषणा करवाना हो या विधानसभा सदन में इस मुद्दे को जोर शोर से उठाना हो।इस अवसर पर विधायक बत्रा ने कहा की किसी भी प्रतिभा को संसाधन के अभाव में पिछड़ने नहीं दिया जाएगा।नेहरू स्टेडियम को रुड़की की प्रसिद्धि के अनुरूप विकसित किया जाएगा, प्रतिभाओं को निखारने का काम किया जाएगा।

शहर का एकमात्र खेल मैदान नेहरू स्टेडियम अब तमाम सुविधाओं से लैस होगा। नेहरू स्टेडियम में चारों ओर दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा धूप- बारिश से बचाव को शेड लगेगी। वहीं मैदान को समतल कराया जाएगा। उस पर घास उगाई जाएगी। रात्रि मैच हो सकें। इसके लिए हाइमास्ट लाइट लगाई जाएंगी।

इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम बनाए जाएंगे। वॉशरूम आदि भी बनाए जाएंगे। वहीं, नेहरू स्टेडियम का एक बड़ा प्रवेश द्वार भी बनाया जाएगा। साथ ही चारदीवारी पर रंगाई पुताई होगी। जो चारदीवारी खराब हो चुकी है। उसे दोबारा बनाया जाएगा। मैदान के भीतर दीवारों पर थ्री-डी पेंटिंग भी होगी।

दो दशक से चल रहा था इंतज़ार रुड़की।

नेहरू स्टेडियम के कायाकल्प का इंतजार करीब दो दशक से चला आ रहा है। शासन स्तर से अनुमति भी मिली, लेकिन काम शुरू होने में तकनीकी दिक्कतें आई। मुख्यमंत्री की घोषणा में भी नेहरू स्टेडियम का कायाकल्प शामिल रहा। हालांकि लंबे इंतजार के बाद आखिरकार अब नेहरू स्टेडियम का कायाकल्प शुरू होने जा रहा है।