मेथोडिस्ट इंटर कॉलेज में आयोजित विज्ञान महोत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा,विधायक प्रदीप बत्रा ने किया उद्घाटन

रुड़की। आज मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज रुड़की में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से जिला स्तरीय विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सभी विद्यालयों के सीनियर और जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों पर अपने मॉडल और ड्रामा प्रस्तुत किए। शनिवार को आयोजित महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक प्रदीप बत्रा ने दीप जला कर किया। इस मौके पर विधायक बत्रा ने कहा कि विज्ञान केवल एक विषय न होकर दैनिक जीवन की जरूरत बन गया है। मानव जीवन की विभिन्न समस्याओं का निराकरण विज्ञान में ही निहित है। इसलिए विद्यालयों में वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहिए। इससे हमारे देश का विकास संभव है। महोत्सव के आयोजक श्री के के गुप्ता (मुख्य शिक्षा अधिकारी) ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को नए-नए प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। महोत्सव के समन्वयक ने विज्ञान महोत्सव के अंतर्गत होने वाली गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। इस मौके पर विधायक प्रदीप बत्रा,मुख्य शिक्षा अधिकारी के के गुप्ता,जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी,खण्ड शिक्षा अधिकारी आकांशा राठौर,स्थल संयोजक शालिनी सिंह,कार्यक्रम समन्वयक रविन्द्र चौहान एवँ अन्य लोग मौजूद रहे।